Home » खेल » गाजियाबाद की टीम को 170 रन से हराकर बीबीसी स्कूल ने जीती ट्रॉफी, अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन

गाजियाबाद की टीम को 170 रन से हराकर बीबीसी स्कूल ने जीती ट्रॉफी, अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन

सिकंदराबाद। नोएडा के 7 स्पोर्ट्स पार्क में आयोजित अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में सिकंदराबाद की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए डीएस क्रिकेट एकेडमी गाजियाबाद को 170 रन से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। रेलवे रोड स्थित बाबू बोधराज कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल की टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में दम दिखाया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ने निर्धारित 35 ओवर में 271 रन बनाए। कक्षा 12वीं के छात्र काजिम ने 97 रन की शानदार पारी खेली, जबकि नितिन ने 63 और सौरिश चोपड़ा ने 32 रन का योगदान दिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी गाजियाबाद की टीम गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 101 रन पर सिमट गई। सौरिश चोपड़ा ने तीन विकेट और अभय ने दो विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई।

लीग मैच में भी दी थी शिकस्त

टूर्नामेंट के लीग मुकाबले में भी टीम ने डीएस क्रिकेट एकेडमी को नौ विकेट से हराया था। 172 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम ने 24 ओवर में एक विकेट खोकर जीत हासिल की। सौरिश चोपड़ा ने नाबाद 102 रन, नितिन यादव ने 33 और उमंग बाना ने 29 रन बनाए।

खिलाड़ियों को मिले व्यक्तिगत पुरस्कार

टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए सौरिश चोपड़ा को मैन ऑफ द टूर्नामेंट और उमंग बाना को बेस्ट फील्डर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।

इस उपलब्धि पर स्कूल प्रबंधक परशुराम चोपड़ा, निदेशक राम चोपड़ा और गौरव चोपड़ा ने खिलाड़ियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और मेहनत का जज्बा पैदा करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान टीम के कोच विजय सक्सेना सहित विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे।


 

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted