सिकंदराबाद: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर का नाम आर्य समाज के संस्थापक एवं महान समाज सुधारक महर्षि स्वामी दयानंद सरस्वती के नाम पर रखने की मांग को लेकर सोमवार दोपहर आर्य समाज सिकंदराबाद के प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के नाम संबोधित किया गया।
ज्ञापन में कहा गया कि महर्षि स्वामी दयानंद सरस्वती ने भारतीय समाज में शिक्षा, महिला उत्थान, सामाजिक सुधार, राष्ट्र जागरण तथा वैदिक संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए अतुलनीय योगदान दिया। उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। ऐसे महान समाज सुधारक के सम्मान में देश के महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों में शामिल नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर का नाम उनके नाम पर रखा जाना न्यायोचित और प्रेरणादायक होगा।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि एयरपोर्ट का नाम महर्षि दयानंद सरस्वती के नाम पर रखे जाने से उनके योगदान को उचित सम्मान मिलेगा। साथ ही देश-विदेश से आने वाले यात्रियों को उनके महान व्यक्तित्व, विचारों और कृतित्व से परिचित होने का अवसर मिलेगा।
इस दौरान आर्य समाज सिकंदराबाद के संरक्षक डॉ. ऋषि कुमार, उपप्रधान विनोद आर्य, मंत्री डॉ. नरेश आर्य, उपमंत्री शीशराम शास्त्री, पुरोहित सुरेंद्र शास्त्री, महाशय धर्मपाल आर्य, आर्य कैलाश सैनी, आर्य यशपाल सोलंकी, आर्य संजय सैनी सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
आर्य समाज सिकंदराबाद ने केंद्र और प्रदेश सरकार से मांग पर सकारात्मक विचार करते हुए जेवर एयरपोर्ट का नाम महर्षि स्वामी दयानंद सरस्वती के नाम पर रखने का निर्णय लेने का आग्रह किया।



