सिकंदराबाद के सरस्वती बालिका विद्या मंदिर में आयोजित वंदे मातरम् गायन प्रतियोगिता में अनामिका और वंशिका ने प्रथम स्थान हासिल किया।
सिकंदराबाद। सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, सरस्वती नगर में वंदे मातरम् गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक एडवोकेट नितिन गर्ग, कोषाध्यक्ष ईश्वर चंद गोला, निर्णायक पूजा गुप्ता, नवीन सैनी, शशिबाला बहन एवं प्रधानाचार्य रामकरन सिंह दक्ष ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित व पुष्पार्चन कर किया।

प्रतियोगिता के किशोर वर्ग में कक्षा नौ की अनामिका ने प्रथम, कक्षा दस की कनिका पंडित ने द्वितीय और कक्षा दस की आन्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बाल वर्ग में कक्षा आठ की वंशिका सिंह प्रथम, कक्षा सात के अभिनव विश्वास शर्मा द्वितीय और कक्षा आठ की पायल तृतीय रहीं।

निर्णायक नवीन सैनी एवं पूजा गुप्ता ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन प्रीति त्यागी ने किया और संयोजक की भूमिका स्नेहिल गौड़ ने निभाई। समापन पर प्रधानाचार्य रामकरन सिंह दक्ष ने प्रबंध समिति के सदस्यों एवं निर्णायकों का आभार जताया। प्रतियोगिता में विद्यालय के सभी आचार्य एवं आचार्या बहनें मौजूद रहीं।



