सिकंदराबाद: दयावती दीवान सिंह शुक्ल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में शुक्रवार को महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। विद्यार्थियों और आचार्यों ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके आदर्शों को जीवन में उतारने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता आचार्य ओमवीर सिंह ने गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वदेशी एवं स्वच्छता के विचारों तथा शास्त्री जी की सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से महापुरुषों के जीवन-मूल्यों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

प्रधानाचार्य राजीव गुप्ता ने कहा कि गांधी और शास्त्री का जीवन आज भी युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वच्छता, अनुशासन, ईमानदारी और राष्ट्रहित की भावना को अपने व्यवहार का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विपिन कुमार ने की, जबकि संयोजक महिमा गर्ग रहीं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को राष्ट्रभक्ति, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। विद्यालय परिवार ने महापुरुषों के आदर्शों पर चलने और राष्ट्रहित में योगदान देने का संकल्प लिया।



