सिकंदराबाद। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान से संबद्ध सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, सिकंदराबाद में विभागीय संस्कृति महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया गया। महोत्सव में विभाग के 13 विद्यालयों के करीब 200 प्रतिभागियों ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं प्रतिभा-आधारित प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य (शिक्षक) चंद्र शर्मा, विद्या भारती मेरठ प्रांत के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह तेवतिया, विद्यालय प्रबंधक एडवोकेट नितिन गर्ग, कोषाध्यक्ष ईश्वर चंद्र गोला एवं प्रधानाचार्य रामकरन सिंह दक्ष ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्पार्चन कर किया।

मुख्य अतिथि चंद्र शर्मा ने कहा कि संस्कृति भारतीय पहचान और संस्कारों की आधारशिला है। इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, संस्कार और राष्ट्रभावना का विकास करते हैं।

महोत्सव के संयोजक सावित्री देवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाचार्य मोहित चौहान रहे, जबकि कार्यक्रम का संचालन प्रीती त्यागी ने किया।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में केशव माधव सरस्वती विद्या मंदिर, ककोड़ तथा सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, सिकंदराबाद के प्रतिभागियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के समापन पर विद्यालय प्रबंधक एडवोकेट नितिन गर्ग एवं प्रबंध समिति की ओर से प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मेडल एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय प्रबंधक नितिन गर्ग ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए अतिथियों, निर्णायक मंडल, प्रतिभागियों तथा सभी आचार्य-आचार्या बहनों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य मनोज कुमार मिश्रा, हर्षिता सागवान, राजीव गुप्ता, राधेश्याम गर्ग एवं अनिरुद्ध शास्त्री सहित निर्णायक मंडल के सदस्य एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।


