सिकंदराबाद में विद्युत चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में तिलबेगमपुर गांव में विद्युत विभाग और विजिलेंस टीम ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान विद्युत चोरी के मामले सामने आने पर सात उपभोक्ताओं के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
विद्युत विभाग की टीम ने चेकिंग के दौरान कनेक्शनों और बिजली के उपयोग की जांच की। अनियमितता और विद्युत चोरी पाए जाने पर संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की गई।
एसडीओ रवि कुमार ने बताया कि विद्युत चोरी रोकने के लिए विभाग की ओर से लगातार चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि बिजली का इस्तेमाल वैध कनेक्शन और नियमानुसार ही करें।
उन्होंने चेतावनी दी कि विद्युत चोरी करते पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ नियमानुसार जुर्माना भी लगाया जा सकता है। विभाग ने उपभोक्ताओं से विद्युत चोरी से बचने और वैध तरीके से बिजली का उपयोग करने की अपील की है।



