Home » क्राइम » सिकन्द्राबाद पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क की बड़ी कामयाबी, ठगी के 52,751 रुपये कराए वापस

सिकन्द्राबाद पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क की बड़ी कामयाबी, ठगी के 52,751 रुपये कराए वापस

सिकंदराबाद सिकंदराबाद पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क ने साइबर ठगी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते से ठगी गई 52,751 रुपये की धनराशि वापस करा दी। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस का आभार जताते हुए साइबर हेल्प डेस्क के प्रयासों की सराहना की।

पुलिस के अनुसार, सिकंदराबाद क्षेत्र के नया गांव निवासी श्याम कुमार ने 14 नवंबर 2024 को थाना सिकंदराबाद में प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी। पीड़ित ने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे टेलीग्राम पर दोस्त बनाया और इसके बाद इन्वेस्टमेंट में मुनाफा दिलाने का लालच दिया।

आरोपी की बातों में आकर पीड़ित ने निवेश से संबंधित प्रक्रिया पूरी की। इसी दौरान आरोपी ने उसके बैंक खाते से कुल 74,000 रुपये की धनराशि ठग ली। ठगी का पता चलने के बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की।

मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बुलंदशहर दिनेश कुमार सिंह के निर्देशन में थाना सिकंदराबाद की साइबर हेल्प डेस्क ने कार्रवाई शुरू की। साइबर हेल्प डेस्क ने लगातार प्रयास करते हुए ठगी की रकम में से 52,751 रुपये पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दिए।

रकम वापस मिलने के बाद श्याम कुमार ने सिकंदराबाद पुलिस का आभार व्यक्त किया और साइबर हेल्प डेस्क द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की।

पुलिस ने साइबर ठगी से बचने की दी सलाह

सिकंदराबाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाता संख्या, एटीएम/डेबिट कार्ड की जानकारी, पिन, ओटीपी, सीवीवी या अन्य बैंकिंग जानकारी साझा न करें। इसके अलावा सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर मिलने वाले निवेश संबंधी आकर्षक ऑफर के प्रति भी सतर्क रहें।

पुलिस ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो वह बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराए, ताकि ठगी की रकम को रोकने और वापस कराने के लिए समय रहते कार्रवाई की जा सके।


 

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted