सिकंदराबाद: सरस्वती नगर स्थित सरस्वती बालिका विद्या मंदिर में शिक्षक दिवस के अवसर पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को नमन करते हुए विद्यालय के आचार्य बंधुओं एवं आचार्या बहनों को प्रतीक चिह्न और उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक एडवोकेट नितिन गर्ग, कोषाध्यक्ष ईश्वर चंद्र गोला, सदस्य जुगल किशोर बंसल एवं प्रधानाचार्य रामकरण सिंह दक्ष ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन कर किया।

मुख्य वक्ता दौजपाल ने डॉ. राधाकृष्णन के जीवन एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि उनके चरित्र निर्माण और उज्ज्वल भविष्य की नींव भी रखते हैं।

विद्यालय के प्रबंधक नितिन गर्ग ने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए शिक्षकों के योगदान की सराहना की। इसके बाद प्रबंध समिति के पदाधिकारियों ने विद्यालय के सभी आचार्य-आचार्या बहनों को प्रतीक चिह्न एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया। सम्मान पाकर शिक्षक-शिक्षिकाओं में उत्साह और प्रसन्नता का माहौल रहा।
कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य रामकरण सिंह दक्ष ने प्रबंध समिति के पदाधिकारियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का सम्मान ज्ञान, संस्कार और राष्ट्र निर्माण की परंपरा का सम्मान है। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त आचार्य बंधु एवं आचार्या बहनें उपस्थित रहीं।


