सिकंदराबाद: रक्षाबंधन पर्व को लेकर सिकंदराबाद बाजार में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक प्रताप अजेय और क्षेत्राधिकारी सिकंदराबाद दीपक कुमार ने पुलिस बल के साथ बाजार में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
फुट पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बाजार के भीड़भाड़ वाले स्थानों और प्रमुख बाजारों में संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों पर नजर रखी। अधिकारियों ने व्यापारियों और आमजन से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली तथा पुलिसकर्मियों को लगातार सतर्क रहने के निर्देश दिए।
रक्षाबंधन के चलते बाजारों में बढ़ रही भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों से कहा कि बाजारों में लगातार गश्त जारी रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करें।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान आमजन को सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है। रक्षाबंधन पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस की निगरानी और गश्त लगातार जारी रहेगी।
Post Views: 37



