Home » क्राइम » सिकंदराबाद: गैंगस्टर एक्ट के वांछित आरोपी को पुलिस ने दबोचा, अवैध तमंचा-कारतूस बरामद

सिकंदराबाद: गैंगस्टर एक्ट के वांछित आरोपी को पुलिस ने दबोचा, अवैध तमंचा-कारतूस बरामद

सिकंदराबाद: सिकंदराबाद कोतवाली पुलिस ने अपराध नियंत्रण और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गैंगस्टर एक्ट के एक मुकदमे में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से .32 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार शनिवार रात गश्त के दौरान टीम महताबनगर नहर की पुलिया के पास पहुंची थी। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसकी पहचान आबिद पुत्र अब्बास निवासी एदमत सराय, थाना कोतवाली देहात, बुलंदशहर के रूप में हुई।

पुलिस ने तलाशी में आरोपी के पास से .32 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। आरोपी की उम्र करीब 28 वर्ष बताई गई है। पुलिस के मुताबिक वह गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में वांछित चल रहा था।

बुलंदशहर और हापुड़ में दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ बुलंदशहर और हापुड़ जनपद के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट से संबंधित मामले भी शामिल बताए गए हैं। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ ही उसके अन्य मामलों में संलिप्त होने की भी जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर उसकी अन्य आपराधिक गतिविधियों और संपर्कों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

 


 

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted